WTC Points Table 2025-27: ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार (13 अक्टूबर) को डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 214 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) की अंक तालिका में अपनी नंबर-1 की स्थिति और मजबूत कर ली है। वहीं, साउथ अफ्रीका को इस हार के कारण अंक तालिका में नुकसान उठाना पड़ा है और न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 421 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था, लेकिन मेजबान टीम दूसरी पारी में 206 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की जीत में मैट रेनशॉ की शानदार बल्लेबाजी और जोश हेजलवुड की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। रेनशॉ ने पहली पारी में 397 गेंदों का सामना करते हुए 190 रन बनाए थे, जबकि हेजलवुड ने साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी में छह विकेट झटके।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया के खाते में 12 अंक और जुड़ गए हैं। टीम अब WTC 2025-27 की अंक तालिका में 81.81 प्रतिशत अंकों यानी PCT के साथ पहले स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया ने मौजूदा चक्र में अब तक 11 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 9 में जीत दर्ज की है, जबकि सिर्फ 2 में हार का सामना करना पड़ा है।

साउथ अफ्रीका को हुआ नुकसान, न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले साउथ अफ्रीका 80 प्रतिशत अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर था। लेकिन डरबन में मिली हार के बाद टीम तीसरे स्थान पर खिसक गई है। साउथ अफ्रीका के खाते में अब 60 प्रतिशत अंक हैं। टीम ने मौजूदा WTC चक्र में पांच टेस्ट खेले हैं, जिनमें तीन में जीत और दो में हार मिली है।

वहीं, न्यूजीलैंड को इस बदलाव का फायदा मिला है। कीवी टीम 72.22 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब उसकी नजर अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर होगी। न्यूजीलैंड अगर दोनों मुकाबले जीतने में सफल रहता है, तो WTC 2027 के फाइनल में जगह बनाने की उसकी उम्मीदें मजबूत हो जाएंगी।

WTC अंक तालिका में भारत किस स्थान पर है?
भारतीय टीम फिलहाल WTC 2025-27 की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। भारत के खाते में 51.52 प्रतिशत अंक हैं। टीम ने मौजूदा चक्र में अब तक 11 टेस्ट खेले हैं, जिनमें पांच में जीत दर्ज की है। भारत को चार मुकाबलों में हार मिली है, जबकि दो टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। ऐसे में भारतीय टीम के लिए आगे के मुकाबले काफी अहम होंगे। अगर उसे WTC फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करनी है, तो आने वाली टेस्ट सीरीज में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। 

About the Author

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
Latest Cricket News