India vs Afghanistan U-19 World Cup 2nd Semi-Final: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 7 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अफगानिस्तान ने फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई के शतकों की मदद से 310 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारत ने वैभव सूर्यवंशी की तूफानी शुरुआत और एरोन जॉर्ज की शतकीय पारी के दम पर लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया। 

Advertisement

बुधवार (4 फरवरी) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी। टीम को उस्मान सादात (39) और खालिद अहमदजई (31) ने सधी हुई शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। हालांकि इसके मध्यक्रम में फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

Advertisement

दोनों बल्लेबाज़ों ने तीसरे विकेट के लिए 148 रन की विशाल साझेदारी करते हुए भारतीय गेंदबाज़ी पर दबाव बना दिया। शिनोजादा ने 93 गेंदों में 110 रन की दमदार पारी खेली, जबकि नियाजई ने 101 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहते हुए स्कोर को 310 तक पहुंचाया। 

भारत की ओर से कनिष्क चौहान और दीपेश देवेन्द्रन ने 2-2 विकेट हासिल किए।

311 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही ओवर से गेंदबाज़ों पर हमला बोल दिया और एरोन जॉर्ज के साथ मिलकर 57 गेंदों में 90 रन जोड़ दिए। वैभव ने सिर्फ 33 गेंदों में 68 रन ठोककर मैच को भारत के पक्ष में झुका दिया।

इसके बाद एरोन जॉर्ज ने एक छोर संभालते हुए कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ शतकीय साझेदारी निभाई। जॉर्ज ने 104 गेंदों में 115 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। आयुष म्हात्रे ने 62 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया, जबकि अंत में विहान मल्होत्रा (38*) ने नाबाद रहकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

Advertisement

अफगानिस्तान के गेंदबाज़ भारतीय बल्लेबाज़ों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए और भारत ने 41.1 ओवर में ही 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया।

अफगानिस्तान के लिए इस पारी में नूरिस्तानी उमरजई 2 विकेट और वहीदुल्लाह जादरान ही 1 सफलता हासिल कर पाए।

Also Read: Live Cricket Score

कुल मिलाकर भारतीय बल्लेबाज़ों के दमदार प्रदर्शन ने सेमीफाइनल को एकतरफा बना दिया और टीम ने शानदार अंदाज़ में फाइनल में प्रवेश कर लिया, जहां अब उसका मुकाबला खिताब के लिए शुक्रवार को इंग्लैंड से होगा।

Advertisement

About the Author

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
Latest Cricket News