SLC XI vs IND Warm-Up Match: भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन (SLC XI) के बीच तीन दिवसीय वार्म-अप मैच शुक्रवार (7 अगस्त) से कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर शुरू हुआ। इस मुकाबले में भारतीय टीम के स्टैंड-इन कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) स्लिप में एक आसान कैच टपका बैठे।
शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी संभाल रहे केएल राहुल पहली स्लिप में फील्डिंग कर रहे थे। भारतीय टीम शुरुआती विकेट की तलाश में थी और इसी दौरान स्टार लेग स्पिनर कुलदीप यादव ने एक बेहतरीन मौका भी बनाया। लेकिन राहुल उसे भुना नहीं सके।
यह घटना श्रीलंका XI की पारी के 26वें ओवर में हुई। कुलदीप यादव की गेंद पर सलामी बल्लेबाज रविंदु रसांथा के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद सीधे पहली स्लिप की तरफ गई। राहुल ने दाईं ओर बढ़ते हुए एक हाथ से कैच लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनकी हथेली से टकराकर नीचे गिर गई। उस समय रसांथा 43 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।
इस जीवनदान का रसांथा ने पूरा फायदा उठाया। उन्होंने इसके बाद संयम के साथ बल्लेबाजी जारी रखी और 143 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी ने श्रीलंका XI को अच्छी शुरुआत दिलाई और भारत को लंबे समय तक विकेट के लिए इंतजार करना पड़ा।
VIDEO:
अगर पहले दिन के खेल की बात करें तो श्रीलंका XI ने स्टंप्स तक 8 विकेट के नुकसान पर 363 रन बना लिए। निशान फर्नांडो ने 65 गेंदों में 66 रन बनाए, जबकि रविंदु रसांथा ने 71 रन की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान सोनल दिनुशा ने 52, पवन रथनायके ने 39, अहान विक्रमसिंघे ने 31 और रमेश मेंडिस ने 32 रन का योगदान दिया।
Also Read: Live Cricket Score
भारत की ओर से गेंदबाजी में रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके, जबकि गुरनूर बराड़ को 1 सफलता मिली।